जौनपुर, 15 अक्टूबर 2025 — मा० मुख्यमंत्री के निर्देशन एवं जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के कुशल मार्गदर्शन में जनपद में यू०पी० इंटरनेशनल ट्रेड शो–2025 (स्वदेशी मेला) का आयोजन बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान में 10 से 18 अक्टूबर तक किया जा रहा है।
आज मेले के सातवें दिन कार्यक्रम का शुभारंभ जिला सहकारी बैंक जौनपुर के चेयरमैन कुंवर वीरेंद्र सिंह, डीसीएफ के चेयरमैन धनंजय सिंह, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सहित अन्य गणमान्य प्रबुद्धजनों द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जलालपुर की छात्राओं एवं गायक पंकज सिन्हा द्वारा प्रस्तुत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर जनपद की गौरव नवचयनित आईपीएस सृष्टि मिश्रा को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
मेले में स्थानीय उत्पादों की दर्जनों स्टॉलों में से जौनपुर की पारंपरिक इत्र (परफ्यूम) प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस स्टॉल पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल स्वयं पहुंचे और इत्र निर्माण की परंपरागत तकनीक तथा स्थानीय सुगंधों की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि “जौनपुर का इत्र न सिर्फ सुगंध का प्रतीक है बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक धरोहर और स्वदेशी शिल्पकला का जीवंत उदाहरण है। ऐसी प्रदर्शनियों से स्थानीय उद्योगों को पहचान और प्रोत्साहन दोनों मिलता है।”
जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुंवर वीरेंद्र सिंह ने कहा कि मा० प्रधानमंत्री एवं मा० मुख्यमंत्री के नेतृत्व में स्वदेशी मेले का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में लोगों को प्रेरित करना है।
डीसीएफ चेयरमैन धनंजय सिंह ने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं की खरीद से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और “विकसित भारत” के लक्ष्य को गति मिलेगी।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग के बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि दीपावली व अन्य त्योहारों पर स्वदेशी वस्तुओं की खरीद को प्राथमिकता दें।
उन्होंने यह भी बताया कि “समर्थ पोर्टल” पर जौनपुर वर्तमान में दूसरे स्थान पर है और सभी नागरिकों से सकारात्मक सुझाव देने की अपील की ताकि जनपद प्रथम स्थान प्राप्त कर सके।
कार्यक्रम में उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत लाभार्थियों को चेक, तथा प्रगतिशील किसानों सभाजीत, रमेश, रामजीवन, अभिषेक, संदेश प्रजापति आदि को सॉइल हेल्थ कार्ड वितरित किए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व), डीसी मनरेगा, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल, इंडियन ऑयल के जीएम (सेल्स) सहित अनेक अधिकारी, शिक्षक एवं नागरिक उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment