जौनपुर। शहर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को एक निर्धन किशोरी की मदद कर इंसानियत की मिसाल पेश की। कृषि भवन के पास अचेत मिली 15 वर्षीय लड़की को तत्काल जिला अस्पताल ले जाकर इलाज कराया गया और उसे भोजन व कपड़े उपलब्ध कराए गए। पुलिस की इस दरियादिली की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।
बुधवार सुबह लगभग 9 बजे सूचना मिली कि कृषि भवन के पास एक नाबालिग लड़की अचेत पड़ी है। इस पर शहर कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह ने महिला एंटी रोमियो टीम प्रभारी उपनिरीक्षक पुष्पा देवी व महिला कांस्टेबलों को मौके पर भेजा। टीम ने तत्काल किशोरी को जिला अस्पताल पहुंचाया। तीन घंटे के इलाज के बाद उसे होश आया।
किशोरी ने बताया कि वह लाइन बाजार थाना क्षेत्र के चांदपुर ओवरब्रिज के नीचे अपने भाई के साथ रहती है। दोनों कबाड़ बटोरकर गुजारा करते हैं। दो दिन से भूखी रहने के कारण वह बेहोश हो गई थी। स्थिति देखकर कोतवाल को दया आ गई। उन्होंने तुरंत भोजन मंगवाकर उसे खिलाया और कपड़े भी उपलब्ध कराए। जब तक वह पूरी तरह स्वस्थ नहीं हुई, पुलिस टीम उसकी देखभाल में जुटी रही।
पूरी तरह ठीक होने के बाद पुलिस ने उसे उसके भाई संदीप कुमार के सुपुर्द कर दिया। वहीं, चिकित्सक ने परीक्षण के बाद स्पष्ट किया कि किशोरी के साथ कोई अप्रिय घटना नहीं घटी है।
गरीब और असहाय किशोरी के प्रति पुलिस द्वारा दिखाई गई यह संवेदनशीलता न केवल कानून-व्यवस्था की छवि को मजबूत करती है बल्कि पूरे जनपद में चर्चा का विषय बनी हुई है।
No comments
Post a Comment