सभी शिक्षक, अभ्यर्थी समर्थ पोर्टल पर अवश्य दें सुझाव : जिलाधिकारी
(सोहराब)
जौनपुर, 07 अक्टूबर 2025 कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश 2047 की संकल्पना एवं राज्य/प्रवर सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 से संबंधित बैठक संपन्न हुई। बैठक में समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट व केंद्र व्यवस्थापक शामिल हुए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी द्वारा विकसित भारत और मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा विकसित उत्तर प्रदेश 2047 का संकल्प लिया गया है। इस दिशा में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विज़न डॉक्यूमेंट तैयार करने के लिए सभी को अपने-अपने सुझाव समर्थ पोर्टल पर अवश्य दर्ज कराने चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा विभाग की सराहना करते हुए कहा कि सुझाव देने की प्रक्रिया को गति प्रदान करने में विभाग ने उल्लेखनीय योगदान दिया है। जिलाधिकारी ने कहा – “जब तक प्रत्येक व्यक्ति इसमें सक्रिय रूप से भाग नहीं लेगा, तब तक संकल्प साकार नहीं हो पाएगा। अतः सभी शिक्षक, अभ्यर्थी और नागरिक समर्थ पोर्टल पर अधिक से अधिक सकारात्मक सुझाव दें।”
जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जौनपुर जनपद समर्थ पोर्टल पर सुझाव देने में दूसरे स्थान पर है। यदि जनपदवासी और अधिक उत्साह से भागीदारी करें तो जौनपुर को प्रथम स्थान दिलाया जा सकता है।
गौरतलब है कि वर्ष 2047 तक प्रदेश को विकसित बनाने के लिए समर्थ पोर्टल पर कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित 12 क्षेत्रों से संबंधित सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। नागरिकों द्वारा दिए गए इन सुझावों को नीतिगत रूप से सम्मिलित कर भारत और प्रदेश को विकसित बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।
बैठक के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी मुफ्तीगंज श्री कन्हैयालाल ने विकसित भारत संकल्पना पर एक प्रेरणादायक कविता प्रस्तुत की, जिसकी जिलाधिकारी ने सराहना की और उन्हें अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने सभी से अपील की कि वे इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हुए दूसरों को भी प्रेरित करें।
जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र ने अंत में सभी जनपदवासियों से अपील की कि – “आपका एक-एक सुझाव देश और प्रदेश के भविष्य को नई दिशा देगा। इसलिए समर्थ पोर्टल पर अधिक से अधिक अमूल्य सुझाव देकर उत्तर प्रदेश को विकसित राज्य बनाने में अपना योगदान अवश्य दें।”
No comments
Post a Comment