जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सतर्कता समिति की बैठक सम्पन्न
जौनपुर, 22 सितम्बर 2025 (सू0वि0)। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में राशन वितरण एवं खाद्य सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रचलित राशनकार्डों में आधार सीडिंग की प्रगति तेज़ की जाए तथा पात्रता सूची में शामिल नए लाभार्थियों को समय से लाभ उपलब्ध कराया जाए। साथ ही राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 एवं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत जुलाई से सितम्बर 2022 तक खाद्यान्न वितरण की स्थिति पर चर्चा हुई।
उन्होंने निलंबित/रिक्त दुकानों की स्थिति, निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्यों की प्रगति, आईजीआरएस/जनसूचना समाधान तथा सिंगल स्टेज डिलीवरी की व्यवस्था पर भी समीक्षा की। प्रधानमंत्री आवास योजना से आच्छादित लाभार्थियों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने एवं सभी सदस्यों का आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए।
आईसीडीएस खाद्यान्न वितरण की बिंदुवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासनादेश में निहित प्रावधानों के अनुसार ही वितरण सुनिश्चित किया जाए। लंबित आईसीडीएस व एमडीएम खाद्यान्न परिवहन लागत और प्रोत्साहन राशि निर्गत कराने के लिए जिला खाद्य विपणन अधिकारी को निर्देशित किया गया।
सभी 70 वर्ष से अधिक आयु के लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनवाने तथा सिंगल स्टेज परिवहन व्यवस्था के तहत प्रत्येक विकास खंड के लिए कम से कम दो छोटे वाहन उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया। इसके अतिरिक्त, जनपद से बाहर निवास करने वाले राशन कार्डधारकों की गहन समीक्षा एवं शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराए जाने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पूर्ति निरीक्षक एवं अधिकारीगण निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप निरीक्षण/प्रवर्तन की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा), मुख्य चिकित्साधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, गैस कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधक, उचित दर विक्रेता संघ के पदाधिकारी, सिंगल स्टेज परिवहन ठेकेदार/प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment