जौनपुर: विज्ञान/गणित शिक्षकों की बैठक में खान एकेडमी प्लेटफार्म के प्रभावी उपयोग पर चर्चा
जौनपुर, 10 जुलाई 2025 – जिले के विज्ञान एवं गणित शिक्षकों की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला राजकीय पुस्तकालय में संपन्न हुई। इस बैठक का उद्देश्य खान एकेडमी जैसे डिजिटल प्लेटफार्म के प्रभावी उपयोग पर विस्तृत चर्चा करना रहा।
बैठक की अध्यक्षता सह जिला विद्यालय निरीक्षक श्री विवेक कुमार सिंह और जिला समन्वयक डॉ. राजन सिंह ने की। जिले के सभी राजकीय विद्यालयों से आए विज्ञान और गणित शिक्षकों ने इस अवसर पर भाग लिया।
बैठक के दौरान खान एकेडमी के जिला नोडल अधिकारी श्री नीतिश सिंह ने उपस्थित शिक्षकों को प्लेटफार्म की कार्यप्रणाली, पंजीकरण की प्रक्रिया, और उसके शैक्षणिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खान एकेडमी एक प्रभावशाली डिजिटल टूल है जो छात्रों के लिए विषयों को रोचक और आसान बनाता है, विशेष रूप से गणित और विज्ञान जैसे तकनीकी विषयों में।
इस अवसर पर श्री विवेक कुमार सिंह ने सभी विद्यालयों को निर्देशित किया कि कक्षा 9 से 12 तक के सभी छात्रों का पंजीकरण दो दिन के भीतर अनिवार्य रूप से कराया जाए, ताकि छात्रों को समय से डिजिटल पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
जिला समन्वयक डॉ. राजन सिंह ने बताया कि जौनपुर जनपद को जुलाई माह के भीतर 1600 छात्रों को खान एकेडमी प्लेटफार्म पर सक्रिय करने का लक्ष्य मिला है, जिसे निर्धारित समय में पूरा करना आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यालय स्तर पर शीघ्रता से कार्यवाही सुनिश्चित करें।
बैठक में शिक्षकों ने प्लेटफार्म संचालन से जुड़ी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया और आश्वस्त किया कि जनपद निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से प्राप्त करेगा।
No comments
Post a Comment