नेपाल में जौनपुर के खिलाड़ियों का जलवा, 1 स्वर्ण और 6 रजत पदक जीतकर किया भारत का नाम रोशन
शानदार स्वागत के बीच लौटे खिलाड़ी, शहरवासियों ने किया गर्मजोशी से स्वागत
जौनपुर। इंडो-नेपाल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जौनपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण सहित कुल सात पदक अपने नाम किए। इन पदकों के साथ खिलाड़ियों ने न केवल जनपद का, बल्कि पूरे भारत का मान बढ़ाया।
चैंपियनशिप का आयोजन नेपाल के पोखरा शहर में 27 और 28 जून को किया गया था। इसमें भारत, नेपाल सहित कई देशों के खिलाड़ी शामिल हुए। जौनपुर से गई टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देश के लिए पहला स्थान हासिल किया।
जौनपुर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में रिद्धि गुप्ता ने स्वर्ण पदक प्राप्त कर सबसे बड़ा गौरव अर्जित किया, जबकि आध्या सिंह, श्रेयांश मौर्य, अविरल भट्ट, आयुषी रावत, आदर्श मौर्य और अध्यात्म भट्ट ने रजत पदक जीतकर जिले का परचम लहराया। इन खिलाड़ियों का चयन मथुरा में 27 से 29 मई के बीच आयोजित नेशनल ताइक्वांडो चैम्पियनशिप के माध्यम से हुआ था।
गाजे-बाजे के साथ हुआ भव्य स्वागत
नेपाल से वापसी के बाद जब खिलाड़ी 30 जून को गोरखपुर से शालीमार एक्सप्रेस द्वारा भण्डारी रेलवे स्टेशन पहुँचे, तो वहां उनका स्वागत किसी हीरो की तरह हुआ। सैकड़ों की संख्या में एकत्र अभिभावकों और समर्थकों ने माला पहनाकर, मिठाई खिलाकर और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।
खिलाड़ियों का भव्य जुलूस भण्डारी रेलवे स्टेशन से निकलकर सुतहट्टी तिराहा, कोतवाली चौराहा, चहारसू, ओलन्दगंज होते हुए सद्भावना पुल तक पहुँचा, जहां जगह-जगह लोगों ने फूलों की वर्षा कर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर संतोष रावत, सुबोध बरनवाल, सुरेन्द्र मौर्य, अमित निगम, अरविन्द सिंह, विकास शर्मा, कन्हैया यादव, शशि सेठ, शेखर साहू, दुर्गेश दुबे, रतन साहू, अभिषेक साहू, अंश साहू सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। व्यापारी नेता योगेश साहू और अरविंद बैंकर के नेतृत्व में भी कई स्थानों पर खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
प्रशिक्षक ने जताया उज्ज्वल भविष्य का विश्वास
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक संजीव साहू ने कहा कि यदि खिलाड़ियों का उत्साह और मेहनत इसी तरह जारी रहा तो जल्द ही इनका चयन ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी व ओलंपिक जैसे बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं में होगा।
No comments
Post a Comment