खेल, कला और विज्ञान में निखर रहे छात्र: जौनपुर में समर कैंप की शुरुआत

खेल, कला और विज्ञान में निखर रहे छात्र: जौनपुर में समर कैंप की शुरुआत

जौनपुर, 21 मई 2025
ग्रीष्मावकाश के दौरान जनपद जौनपुर के माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु समर कैंप का आयोजन शुरू हो गया है। इस शिविर में छात्र-छात्राएँ पूरे उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन विद्यालयों को मिलाकर कुल 46 माध्यमिक विद्यालयों में यह कार्यक्रम 21 मई से 10 जून 2025 तक आयोजित किया जा रहा है।

विद्यालयों में समर कैंप की शुरुआत अभिभावक-शिक्षक बैठक के माध्यम से हुई, जिसमें विद्यार्थियों को कैंप में सम्मिलित कराने हेतु अभिभावकों से सहमति प्राप्त की गई। जनपदीय समिति द्वारा ब्लॉक स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर निगरानी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

समर कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई से हटकर रचनात्मक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों से जोड़ना है, जिससे उनमें रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास, टीमवर्क एवं जीवन कौशल का विकास हो सके। साथ ही बच्चों में सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों की समझ भी सुदृढ़ की जा रही है।

पहले दिन की गतिविधियाँ
समर कैंप के प्रथम दिन छात्रों ने योग और व्यायाम से दिन की शुरुआत की। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा स्व-परिचय, रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर, रस्सीकूद जैसी खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया गया। विद्यालयों में छात्रों के लिए शीतल पेयजल और जलपान की समुचित व्यवस्था की गई।

जिलास्तरीय समिति द्वारा यह निर्देशित किया गया है कि समर कैंप का संचालन प्रातः 7:00 बजे से 10:00 बजे तक ही किया जाए, तथा गर्मी को ध्यान में रखते हुए सभी विद्यालयों में शीतल पेयजल एवं जलपान की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए।

यह समर कैंप 10 जून 2025 तक प्रतिदिन तिथि अनुसार निर्धारित गतिविधियों के साथ जारी रहेगा। शिक्षकों और विद्यार्थियों में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

No comments

Post a Comment

Home