डायट जौनपुर में एक दिवसीय प्रशिक्षण का हुआ आयोजन

डायट जौनपुर में एक दिवसीय प्रशिक्षण का हुआ आयोजन
 जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, जौनपुर एवं ह्यूमाना पीपुल टू पीपुल इंडिया (HPPI) के संयुक्त तत्वावधान में “बाल-संचालित शिक्षा के लिए स्व-मूल्यांकन ” विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन डायट, जौनपुर के कम्प्यूटर कक्ष में उप शिक्षा निदेशक/ प्राचार्य डॉ0 विनोद कुमार शर्मा के दिशा निर्देशन एवं कुशल मार्गदर्शन में किया गया। कार्यशाला का शुभारम्भ डायट प्रवक्ता डॉ० शैलेश कुमार गुप्ता, श्री वरुण यादव एवं एच पी पी आई के टीम लीडर श्री नितिन कुमार मिश्रा के द्वारा माँ सरस्वती के प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसमें जौनपुर जिले के पाँच विकास खण्डों (धर्मापुर, सिरकोनी, सिकरारा, मुफ्तीगंज एवं करंजाकला) के 50 प्राथमिक विद्यालयों के कुल 50 सहायक अध्यापकों ने प्रतिभाग किया । इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बाल संचालित शिक्षा की संकल्पना पर समझ बनाते हुए स्व-मूल्यांकन के माध्यम से बच्चों के अपने अधिगम का प्रबंधन सीखने और अधिगम को स्थाई और रुचिकर बनाने हेतु प्रशिक्षण प्रदान करना था । इस प्रशिक्षण के दौरान ह्युमाना पीपुल टू पीपुल इंडिया, जौनपुर के टीम लीडर श्री नितिन कुमार मिश्रा के द्वारा बाल-संचालित शिक्षा के लिए स्व-मूल्यांकन पर सत्र का संचालन किया गया। इसके पश्चात् ह्युमाना पीपुल टू पीपुल इंडिया (HPPI) के मास्टर ट्रेनर श्री ब्रजबंधु साहू , श्री अनुराग सिंह एवं श्री सुभाष चन्द्र द्वारा इस पर अलग- अलग विषयों पर चर्चा किया गया और साथ ही अनेक समूह गतिविधियों एवं विडियों के माध्यम से सभी सहायक अध्यापकों की समझ को बढ़ाने के साथ ही साथ उन्होंने स्व-मूल्यांकन,और प्रभावी ढंग से बालकों की स्थिति का आकलन के लिए चेक लिस्ट की समझ और और उसका निर्माण पर विमर्श एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया। श्री समजर सिंह ने TPPL(Teachers For Planet Protection Leadership) संकल्पना पर चर्चा करते हुए कहा “आज धरती पर बढ़ता तापमान, बदलती जलवायु और पारिस्थितिकी तंत्र में हो रहे निरंतर परिवर्तन जैसे ज्वलंत मुद्दों पर संयुक्त राष्ट्र एवं सभी देशों द्वारा लगातार चर्चा करने के बाद भी जमीनी हकीकत में परिवर्तन बहुत कम दिखाई दे रहा है। इसी के परिणाम स्वरुप ह्युमाना पीपुल टू पीपुल इंडिया ने TPPL आन्दोलन की शुरुआत की, क्योंकि शिक्षक परिवर्तन का बड़ा माध्यम होते हैं और जमीनी स्तर पे परिवर्तनों को लागू कर पातें हैं।” अन्त में डायट प्राचार्य के द्वारा प्रतिभागियों से प्रतिपुष्टि लेते हुए उनको अपने विद्यालयों में इस प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को लागू करने के लिए प्रेरित किया गया तथा उनके कर कमलों द्वारा सभी प्रतिभागियों को इस प्रशिक्षण का प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया गया। प्रशिक्षण की समाप्ति पर ह्युमाना पीपुल टू पीपुल इंडिया (HPPI), जौनपुर के टीम लीडर श्री नितिन कुमार मिश्रा ने सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया और भविष्य में आयोजित किए जाने वाले कार्यशाला में एवं अन्य सभी प्रकार की गतिविधियों में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करने की अपेक्षा व्यक्त की। इस अवसर पर डायट के सभी प्रवक्ता, विकास खण्ड के मेंटर एवं ह्युमाना पीपुल टू पीपुल इंडिया (HPPI) के श्री गगन चन्द्र गौतम,श्री अतुल सिंह उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home