सीडीओ, एसपी, एमएलसी सहित तमाम हस्तियां रहीं उपस्थित
जौनपुर। नगर के गोपी घाट पर स्वच्छ गोमती अभियान व दैनिक गोमती आरती कार्यक्रम का स्थापना दिवस हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। इसके बाबत सर्वप्रथम प्रातःकाल मां गोमती के तट गोपी घाट पर पौधरोपण अभियान चलाया गया। इसके उपरान्त दोपहर में गोपी घाट स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर पर प्रसिद्ध भजन गायक अभिषेक मयंक व उनकी टीम ने भव्य संगीतमय सुन्दर काण्ड पाठ व भजन की प्रस्तुति दिया। शाम होते ही पूरा घाट व मंदिर बेहद आकर्षक लाइटों से जगमगा उठा। घाट की इसी जगमगाहट के बीच शुरू हुई मां गोमती की दैनिक आरती जिसमें बतौर अतिथि सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह, पुलिस अधीक्षक डा. अजयपाल शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी सीलम साईं तेजा, प्रो0 आरएन त्रिपाठी व वरिष्ठ समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह के प्रतिनिधि रूपेश सिंह मौजूद रहे। सभी अतिथियों व उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्तिरस में जमकर गोते लगाये। इस मौके पर स्वच्छ गोमती अभियान के अध्यक्ष गौतम गुप्ता ने बताया कि संस्था निरन्तर मां गोमती की स्वच्छता एवं निर्मलीकरण को लेकर कार्यरत व संकल्पित है। संस्था ने समस्त अतिथियों को मां गोमती की चुनरी, अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह भेंट करके सम्मानित किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स्वच्छ गोमती अभियान द्वारा किया जाने वाला गोमती आरती का कार्यक्रम सचमुच भाव—विभोर कर देने वाला है। उन्होंने संस्था द्वारा गोमती के सेवार्थ किये जा रहे कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना किया। इसी क्रम में प्रो0 आरएन त्रिपाठी ने अतिथियों को मां गोमती के आध्यात्मिक महत्व व उनके सम्पूर्ण भौगोलिक स्थिति से अवगत कराया। अतिथियों ने भी क्रमशः गोमती आरती के पुजारियों, कार्यकर्ताओं व स्वच्छ गोमती अभियान की सहयोगी संस्था श्री शंकर संकीर्तन मंडल के पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह देकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर प्रमोद श्रीवास्तव, चन्दन निषाद, अंजू पाठक, नीरज सिंह, रोहित सिंह, सुधांशु विश्वकर्मा, शशि श्रीवास्तव, अजीत सैनी, उदय प्रताप यादव, श्रवण निषाद, भरत वर्मा, सलमान शेख सहित तमाम लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री बृजेश कुशवाहा व हर्षित गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। अन्त में आयोजन समिति के अध्यक्ष गौतम गुप्ता ने समस्त आगंतुकों व सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
No comments
Post a Comment