शाहगंज में पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या

शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के इमरानगंज बाजार में सोमवार की सुबह लगभग साढ़े नौ बजे अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर सबरहद गांव निवासी पत्रकार एवं भाजपा नेता आशुतोष श्रीवास्तव की हत्या कर दिया। दिनदहाड़े हुई हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गयी। घटनास्थल पर जिले के तमाम आलाधिकारी भी पहुंच गये जहां से लाश को अन्त्य परीक्षण हेतु भेजवा दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय क्षेत्र के सबरहद निवासी आशुतोष श्रीवास्तव पत्रकार के साथ भाजपा की राजनीति भी कर रहे थे। इसके अलावा गो तस्करों एवं भू—माफियाओं के खिलाफ आये दिन आवाज उठाते थे। हत्या क्यों की गयी और किसने किया, इसकी छानबीन पुलिस कर रही है। फिलहाल इस हत्याकाण्ड से पत्रकारों में जबरदस्त आक्रोश है। सूत्रों के अनुसार आशुतोष विगत एक माह पहले ही क्षेत्राधिकारी शाहगंज और कोतवाल शाहगंज को जरिये पत्र अपने जानमाल की रक्षा के लिए गुहार लगाये थे लेकिन पुलिस ने कोई ध्यान नहीं दिया और न ही प्रार्थना-पत्र पर कोई विचार किया। इसी का परिणाम रहा कि दबंग बदमाशों ने सोमवार की सुबह आशुतोष को गोली मारकर हत्या कर दिया। घटना के बाद पुलिस की लापरवाहीपूर्ण कार्यशैली को लेकर शाहगंजवासियों में जबरदस्त आक्रोश है। लोग सड़क जाम कर प्रदर्शन भी कर रहे हैं। वहीं शाहगंज पुरुष अस्पताल पहुंचने पर शाहगंज के पत्रकारों व पुलिस टीम के बीच कहासुनी हो गयी। उधर जिला मुख्यालय पर भी पत्रकारों ने घटना की निंदा करते हुए विरोध दर्ज कराया। वहीं पुलिस अधीक्षक डा. अजय पाल शर्मा मौके पर पहुंचकर मौका—मुआयना करते हुये कुछ लोगों से पूछताछ किया। साथ ही मृतक के परिजनों से 48 घण्टे के अन्दर हत्या का पर्दाफाश करने का आश्वासन भी दिया।

No comments

Post a Comment

Home