अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर तोड़कर मकान में घुसी, 3 की मौत

जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के प्रयागराज मार्ग पर स्थित पाण्डेयपुर (बुढ़िया का इनारा) के निकट रविवार को तड़के एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुये मकान में जा घुसी। इस हादसे में मकान में सो रही मां-बेटियों सहित 3 लोगों की मलबे में दबने से मौत हो गयी जबकि परिवार के 5 अन्य लोग भी घायल हो गये जिनमें से 3 की हालत नाजुक बतायी गयी। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त स्थान पर दिनेश पाण्डेय नामक व्यक्ति का मकान है। शनिवार को दिनेश की दो बहनें सुजाता तिवारी व शशिकला मिश्रा अपने बच्चों के साथ प्रयागराज स्नान करके वापस अपने घर जा रही थी कि रास्ते में अपने मायके में भाई दिनेश के यहां रूक गयीं। परिवार के सभी सदस्य सहित रिश्तेदार आदि खाना खाकर सो गये। रविवार को भोर में लगभग साढे़ 3 बजे आजमगढ़ से प्रयागराज की तरफ जा रही ट्रक नम्बर यूपी 50 सीटी-1677 के चालक को झपकी आ गयी। ट्रक डिवाइडर तोड़ते हुये दिनेश के मकान में जा घुसी जिसके चलते उक्त मकान गिर गया और मकान में सोये शशिकला 40 वर्ष पत्नी बृजेश मिश्र, संध्या 12 वर्ष पुत्री बृजेश मिश्र, रानी 5 वर्ष पुत्री बृजेश मिश्रा निवासी गजेन्द्रपुर थाना खुटहन की मलबे में दबने से मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं सुजाता 45 वर्ष पत्नी अभय राज तिवारी निवासी गौरा सफीपुर जिला सुल्तानपुर, रूद्र प्रताप मिश्र 15 वर्ष पुत्र बृजेश मिश्र, बेबी पाण्डेय 50 वर्ष पत्नी दिनेश पाण्डेय, बबली 14 वर्ष पुत्री दिनेश पाण्डेय घायल हो गये। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आस-पास के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े। अंधेरा होने की वजह से कुछ भी साफ दिखायी नहीं पड़ रहा था। लोगों ने तत्काल घटना की सूचना स्थानीय थाना पुलिस को दिया। आस-पड़ोस के लोगों ने मकान के मलबे को हटाते हुये दबे लोगों को बाहर निकाला जहां पहुंची पुलिस सभी को उपचार हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मुंगराबादशाहपुर ले गयी। चिकित्सकों ने शशिकला, संध्या व रानी को मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य सभी का उपचार किया। घायलों में सुजाता, दीक्षा व रूद्र प्रताप की हालत नाजुक देखते हुये बेहतर उपचार हेतु स्वरूप रानी चिकित्सालय प्रयागराज रेफर कर दिया गया। घटना के बाद चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया जबकि ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

No comments

Post a Comment

Home