संचारी रोग के रोकथाम के लिये चलेगा विशेष अभियानः सीएमओ

जौनपुर। प्रदेश सरकार द्वारा मच्छरजनित बिमारियों की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाने का निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिया गया है। कार्यक्रम की जानकारी देते हुये मुख्य चिकित्साधिकारी डा. ओपी सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि जापानी इंसेफ्लाटिस व एक्यूट इन्सेफ्लाटिस सिण्ड्रोम व संचारी रोगों की रोकथाम हेतु जनपद में 2 से 16 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाया जायेगा। अभियान के तहत 1 से 15 वर्ष तक के 87126 छूटे बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। अभियान की जानकारी देते हुये उन्होंने कहा कि मस्तिष्क ज्वर मच्छर के काटने से होने वाली बिमारी है। इसके प्रभाव से बचने के लिये सोते समय मच्छरदानी व पूरे आस्तिन का शर्ट व पैण्ट पहनना आवश्यक है। साथ ही मच्छरों को उत्पन्न होने से रोकने के लिये अपने आस-पास गन्दा पानी एकत्रित नहीं होने देना चाहिये। पीने के पानी को ढंक करके रखना चाहिये। कूलर व एसी की नियमित सफाई भी मच्छरों की रोकथाम के लिये आवश्यक है। स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु अपने आस-पास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना भी जरूरी है। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डा. अनिल शर्मा ने बताया कि मच्छरजनित बिमारियों की रोकथाम व संचारी रोग निरोधक कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये शिक्षा, स्वास्थ्य, दिव्यांग, पशुपालन, बाल विकास एवं पुष्टाहार, कृषि, पंचायत, जल निगम सहित कुल 9 विभागों का सहयोग लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मच्छर प्रभावित क्षेत्रों में एंटीलार्वा स्प्रे से छिड़काव की व्यवस्था भी की जा रही है।

No comments

Post a Comment

Home