जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को किया जागरूक

जौनपुर। पं. दीन दयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष के अन्तर्गत मुफ्तीगंज मंडल के निसान ग्राम में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित जनकल्याण सम्मेलन में केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित व्यक्तियों एवं परिवारों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर योगी सरकार की जनहितकारी योजनाओं को सराहा। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सहकारिता विकास निगम भारत सरकार के सदस्य धनंजय कुमार सिंह ने कहा कि मण्डल स्तर पर हो रहे जनकल्याण सम्मेलनों में सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोग सम्मिलित हो ही रहे हैं साथ ही समाज के विभिन्न वर्ग और तबके में इन योजनाओं के प्रति जागरूकता भी आ रही है। विधायक दिनेश चौधरी ने कहा कि यह सम्मेलन, समाज के वंचित, उपेक्षित व गरीब वर्ग के लोगों के बीच केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं को लेकर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास है, ताकि समाज के सभी वर्गो को इन योजनाओं का लाभ मिल सके। वक्ताओं में जिला प्रभारी अनीता सिद्धार्थ, जिला महामंत्री डा. अजय सिंह, जिला उपाध्यक्ष डा. नृपेंद्र सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों के अनुरूप केन्द्र व राज्य की सरकार जो भी जनकल्याणकारी योजनाएं बना रही है उसका लक्ष्य अन्त्योदय है।  इससे पूर्व मंचासीन अतिथियों ने पं. दीनदयाल उपाध्याय व डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया। सम्मेलन में भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजना के लाभाथियों को सम्मानित किया गया। संचालन कैलाश नाथ व धन्यवाद ज्ञापन सदानन्द राय ने किया। उधर मल्हनी मण्डल में आयोजित जनकल्याण सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय ने कहा कि कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों, वंचितों एवं मजदूरों का दुख-दर्द दूर करने के लिए अनगिनत योजनाएं बनाई हैं। जिला महामंत्री संदीप तिवारी ने कहा कि आजादी के बाद यह पहली सरकार है, जिसने गरीबी दूर करने का कार्य किया है। इस अवसर पर कृष्णानंद राय, अजय सिंह, संजय पाठक, सुनील सिंह, सुधीर यादव, सर्वेश सिंह, अंकुश उपाध्याय, सौरभ सिंह, राजू दादा, राजवीर दुर्गवंशी आदि मौजद रहे।

No comments

Post a Comment

Home