हिन्दू युवा वाहिनी ने डीएम के माध्यम से सीएम को भेजा ज्ञापन

जौनपुर। हिन्दू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष विराज ठाकुर के नेतृत्व में जिलाधिकारी के माध्यम से सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सम्बोधित ज्ञापन भेजा गया। श्री ठाकुर ने बताया कि जनपद में भारत सरकार द्वारा संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राओं के साथ शोषण का मामला संज्ञान में आया है। मीनू के अनुसार न भोजन दिया जाता है और न ही उनको अन्य सुविधाएं उपलब्ध करायी जाती हैं। उपस्थिति रजिस्टर में छात्राओं की संख्या कुछ और उपस्थिति कुछ और बतायी जा रही है। सच्याई यह है कि हर कस्तूरबा गांधी विद्यालय में फिलहाल 40 से 45 के बीच संख्या है जबकि उनकी उपस्थिति 90 से 100 के बीच दिखायी जाती है। खाद्यान्न में घोटाला किया जाता है। नियमानुसार दो फुल टाइम टीचर एवं वार्डन द्वारा खाद्यान प्राप्त किया जाना चाहिये जबकि संज्ञान में आया है कि तमाम जगह पर वार्डन ही प्राप्त करती है। मीनू के अनुसार बच्चों को सुबह 200 एमएल दूध व 2 अण्डा नास्ता के रूप में दिया जाना चाहिये। दूध में बोर्न बीटा या हार्लिक्स होना चाहिये जबकि आज तक किसी भी विद्यालय में कुछ नहीं दिया जाता है। भोजन में नये मीनू की जगह पुराने का भी इस्तेमाल नहीं होता है। इतना ही नहीं, बच्चियां जमीन पर सोती हैं। वहीं जब कोई जांच आती है तो प्रायः बच्चियों पर दबाव बनाया जाता है कि सच्ची बात बतायी तो ठीक नहीं होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 10 दिन में अधिकारियों द्वारा विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार को नहीं सुधारा गया तो हिन्दू युवा वाहिनी द्वारा विभागीय कर्मचारियों को सुधार दिया जायेगा। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष प्रिंस सिंह, संजीव श्रीवास्तव, महामंत्री सतीश सिंह, सूरज, विशाल, विकास, अमित शुक्ला उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home