हनुमान जयंती को लेकर अजोशी धाम में लगने लगा संतों का जमावड़ा


जौनपुर। सिकरारा क्षेत्र के अजोशी गांव में स्थित महावीर धाम मंदिर में हनुमान जयंती की जोरदार तैयारी शुरू कर दी गयी हैं। जयंती के दिन महावीर हनुमान का भव्य श्रृंगार करने के लिये सम्बन्धितों का आना-जाना शुरू हो गया है। विशेष पूजा-पाठ का व आरती के लिये सन्तों की सुबह-शाम बैठक चल रही है। धाम के सेवक गोरख नाथ मिश्र ने बताया कि 11 अप्रैल को मंदिर में सुबह से लेकर शाम तक विशेष पूजा, पाठ, यज्ञ, भजन, कीर्तन सहित भक्तों में महाप्रसाद के वितरण की योजना बनायी गयी है। उन्होंने बताया कि धाम में स्वयंभू हनुमान जी की मूर्ति में भरत जी द्वारा चलाये गये वाण की निशानी विद्यमान है। हनुमान जयंती मंगलवार को पड़ने से उम्मीद है कि हजारों लोग दर्शन-पूजन के लिये आ सकते हैं। इसी को लेकर शनिवार को मंदिर परिसर में संतों की बैठक हुई जहां यह तय हुआ कि मंगलवार को मंदिर का कपाट भोर में 4 बजे ही खोल दिया जायेगा। धाम पर एक दिन पहले से ही दूर-दराज से आने वाले भक्तों के ठहरने हेतु विशेष सुविधा की गयी है। पूरे धाम को आकर्षक झालरों व पुष्पों से सजाया जायेगा। पूरे दिन भजन-कीर्तन होगी। साथ ही आरती के बाद बने भव्य हवन कुण्ड में लोग पूर्णाहुति देकर मन्नत पूरी होने पर कड़ाही करेंगे। सुरक्षा की जिम्मेदारी के लिये थाना पुलिस के अलावा मंदिर के लोग भी जगह-जगह डटे रहेंगे। इसके साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से धाम में सीसी टीवी कैमरा भी लगा रहेगा।

No comments

Post a Comment

Home