नवरात्रि में महिला सुरक्षा को लेकर जौनपुर पुलिस अलर्ट, पूजा पंडालों में महिला चौपाल लगाकर किया जागरूक

जौनपुर, 14 अक्टूबर। शारदीय नवरात्रि के मद्देनजर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जौनपुर पुलिस ने मिशन शक्ति-6 अभियान के तहत विशेष सुरक्षा व्यवस्था की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में जनपद के विभिन्न मंदिरों, दुर्गा पूजा पंडालों, मेला स्थलों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर महिला पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस की एंटी रोमियो स्क्वाड, शक्ति मोबाइल और अन्य टीमों ने पूजा पंडालों, मंदिरों तथा आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मनचलों, शोहदों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई। अनावश्यक रूप से घूमने या खड़े रहने वाले व्यक्तियों से पूछताछ कर महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणी और किसी भी प्रकार का उत्पीड़न न करने की सख्त हिदायत दी गई।

 महिला चौपाल लगाकर बताए सुरक्षा के उपाय

मिशन शक्ति-6 के तहत पूजा पंडालों एवं अन्य आयोजन स्थलों पर महिला चौपालों का आयोजन किया गया। महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित कर किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, अभद्रता, घरेलू हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया।

 हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न सहायता सेवाओं के हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, एंबुलेंस सेवा 108 और स्वास्थ्य सेवा 102 शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर), जनसुनवाई पोर्टल, वन स्टॉप सेंटर और थानों में स्थापित महिला हेल्प डेस्क के माध्यम से सहायता प्राप्त करने के बारे में भी जागरूक किया गया। महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को बिना किसी भय या संकोच के अपनी समस्याएं पुलिस के समक्ष रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

पुलिस ने आमजन से की सहयोग की अपील

जौनपुर पुलिस ने दुर्गा पूजा पंडालों के आयोजकों और आमजन से त्योहार के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने अथवा डायल-112 पर दें। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

#JaunpurPolice #MissionShakti6 #JaunpurNews #महिलासुरक्षा #नवरात्रि #AntiRomeoSquad #फास्ट्रेक

No comments

Post a Comment

Home