मेडिकल कॉलेज जौनपुर का विशेष अभियान, 600 बच्चों के स्वास्थ्य की हुई जांच

मेडिकल कॉलेज जौनपुर का विशेष अभियान, 600 बच्चों के स्वास्थ्य की हुई जांच
गोद लिए गए गांव के प्राथमिक विद्यालय में सात दिनों से चल रहा स्वास्थ्य स्क्रीनिंग अभियान

जौनपुर। उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर की ओर से गोद लिए गए गांव के प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आर.बी. कमल के दिशा-निर्देश पर कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अनुज सिंह के नेतृत्व में चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की टीम पिछले सात दिनों से कक्षा एक से पांच तक के छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य जांच कर रही है।

अभियान के तहत विद्यालय में पढ़ने वाले लगभग 600 बच्चों की आंख, नाक, दांत तथा कुपोषण से संबंधित जांच की गई। जांच के दौरान जिन बच्चों में संभावित बीमारी के लक्षण मिले, उन्हें आगे की समुचित जांच और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श के लिए मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में आने की सलाह दी गई।

महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आर.बी. कमल ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ जीवन ही स्वस्थ समाज की नींव है। गोद लिए गए गांवों में इस तरह के स्वास्थ्य जांच अभियान का मुख्य उद्देश्य बीमारियों की समय रहते पहचान करना, बच्चों को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

इस स्वास्थ्य स्क्रीनिंग अभियान में डॉ. मुदित चौहान, डॉ. पूजा पाठक, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. आदर्श, डॉ. अंकित कुमार और एमएसडब्ल्यू रमाकांत यादव का विशेष योगदान रहा। इसके अलावा एमबीबीएस बैच 2023 के छात्र देवेश गुप्ता, हेमंत कुमार गौतम, महिमा चौधरी, मयंक पटेल और पुष्पमित्र द्विवेदी ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।

No comments

Post a Comment

Home