जौनपुर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एंटी रोमियो स्क्वाड का सघन चेकिंग अभियान
स्कूल-कॉलेजों, पार्कों और मेला स्थलों पर संदिग्धों की जांच, मनचलों को दी गई सख्त हिदायत
जौनपुर, 11 अक्टूबर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और छेड़छाड़ व उत्पीड़न की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जौनपुर पुलिस के एंटी रोमियो स्क्वाड एवं शक्ति मोबाइल टीम ने रविवार को चिह्नित स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान स्कूलों एवं कॉलेजों के आसपास, सार्वजनिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, पार्कों और मेला स्थलों पर मनचलों, शोहदों तथा संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई। अनावश्यक रूप से घूमने या खड़े रहने वाले व्यक्तियों से पूछताछ करते हुए उन्हें महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणी और किसी भी प्रकार का उत्पीड़न नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।
पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। साथ ही, छेड़छाड़, पीछा करने या अभद्र व्यवहार जैसी घटनाओं की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
अभियान में तैनात पुलिसकर्मियों को भी आमजन के साथ मर्यादित एवं संवेदनशील व्यवहार करते हुए चेकिंग करने के निर्देश दिए गए। जौनपुर पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्रता या उत्पीड़न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
No comments
Post a Comment