मेंहदी में न्यायिक अधिकारियों ने दी निःशुल्क कानूनी सहायता, सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी
जौनपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जनता जनार्दन इंटर कॉलेज, मेंहदी, मछलीशहर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशील कुमार शशि के निर्देशन तथा सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं प्राधिकरण के सचिव सुशील कुमार सिंह की देखरेख में आयोजित शिविर में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुशील कुमार सिंह ने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों, अटल पेंशन योजना, पॉक्सो अधिनियम, बालिकाओं की सुरक्षा और निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक और बालिकाएं सदैव आदर एवं सम्मान के पात्र हैं। कानून और सरकार की विभिन्न योजनाएं उनके संरक्षण एवं सहायता के लिए हैं। उन्होंने अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर कराने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जनपद न्यायालय के डिप्टी चीफ डिफेंस काउंसिल डॉ. दिलीप कुमार सिंह ने मध्यस्थता एवं सुलह केंद्र, फ्रंट ऑफिस, पैरालीगल वॉलंटियर, डिफेंस काउंसिल सिस्टम और राष्ट्रीय लोक अदालत की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बालिकाओं का सम्मान करना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने संयुक्त परिवार में बुजुर्गों के सम्मान और उनकी सहायता की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और योगदान से ही वर्तमान समाज को दिशा मिली है।
शिविर में पैनल अधिवक्ता देवेंद्र कुमार यादव ने बताया कि गरीब एवं वंचित लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। वहीं, वागीश सिंह ने न्याय विभाग की विभिन्न योजनाओं और टेली-लॉ सेवा के बारे में जानकारी दी।
जिला प्रोबेशन अधिकारी विजय कुमार एवं नायब तहसीलदार ने केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों, पीड़ितों, प्रताड़ित महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बालिकाओं तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने परिवार एवं समाज में बुजुर्गों को सम्मान और सहयोग देने की अपील की, ताकि उन्हें वृद्धाश्रम का सहारा लेने की नौबत न आए। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों की सहायता और सेवा के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सदैव तत्पर है।
थाना प्रभारी ने सुरक्षा संबंधी जानकारी देते हुए आपातकालीन सहायता के लिए 112, बच्चों की सहायता के लिए 1098 तथा निःशुल्क विधिक सहायता के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 15100 के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम का संचालन देवेंद्र कुमार यादव ने किया, जबकि कॉलेज के प्रधानाचार्य नीरज यादव ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राज्य समन्वयक एवं काउंसलर गिरिजा शंकर यादव, विद्यालय के प्रबंधक, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment