शाहगंज, जौनपुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से थाना शाहगंज में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, शाहगंज की कक्षा आठ की छात्रा अमृता को प्रतीकात्मक रूप से एक दिन का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया।
एक दिन की प्रभारी निरीक्षक बनीं छात्रा अमृता ने थाना परिसर, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, मालखाना और हवालात का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझने के साथ थाने पर आए फरियादियों की समस्याएं और शिकायतें भी सुनीं।
छात्रा के निर्देश पर दर्ज हुआ मुकदमा
जनसुनवाई के दौरान एक फरियादी की शिकायत पर छात्रा प्रभारी निरीक्षक ने मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके क्रम में थाना शाहगंज में मु0अ0सं0 361/2026 के तहत धारा 316(2), 352 और 351(3) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया। इस पहल के माध्यम से छात्रा को पुलिस की जिम्मेदारियों, जनसुनवाई और कानून व्यवस्था की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिला।
काउंसलिंग से फिर एक हुए दंपती
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत पारिवारिक विवादों के निस्तारण और दाम्पत्य संबंधों को मजबूत बनाने की दिशा में भी सराहनीय पहल की गई। पुलिस ने पारिवारिक विवादों के कारण अलगाव की स्थिति में पहुंचे दंपतियों की काउंसलिंग कराकर आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों का निस्तारण कराया।
इस दौरान दंपतियों को आपसी विश्वास, प्रेम, सम्मान और सामंजस्य के साथ पारिवारिक जीवन बिताने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें सुखी एवं सफल दाम्पत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
मिशन शक्ति के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को जागरूक बनाना, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना तथा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और पारिवारिक सौहार्द को बढ़ावा देना रहा।
No comments
Post a Comment