जौनपुर, 08 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘टीबी मुक्त भारत अभियान-जोश टीम’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, युवा एवं खेल मंत्रालय तथा खेल एवं रक्षा मंत्रालय के केंद्रीय मंत्रियों/राज्य मंत्री द्वारा संयुक्त रूप से अभियान की शुरुआत की गई।
जनपद मुख्यालय पर जिलाधिकारी के नेतृत्व में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सुबह 11 बजे से कार्यक्रम में वर्चुअल प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने बताया कि जनपद के सभी ब्लॉकों एवं नगर पंचायतों में टीबी मुक्त भारत अभियान की निगरानी और प्रगति की समीक्षा के लिए खंड विकास अधिकारियों तथा अधिशासी अधिकारियों को जनपद स्तर से नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
उन्होंने बताया कि नोडल अधिकारियों के सहयोग के लिए एनएसएस एवं एनसीसी कार्यकर्ताओं की टीम तैयार कर ‘माई भारत वालंटियर्स’ के रूप में जोश टीम का गठन किया गया है। यह टीम अपने-अपने क्षेत्रों में संभावित टीबी मरीजों की खोज के लिए स्क्रीनिंग में सहयोग करेगी और लोगों को टीबी के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील भी बनाएगी।
जोश टीम टीबी मरीजों की स्क्रीनिंग, उनके उपचार को निर्बाध रूप से पूरा कराने तथा भारत सरकार की ओर से टीबी मरीजों के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी देने में सहयोग करेगी। इसका उद्देश्य अपने-अपने ब्लॉक एवं नगर वार्ड को टीबी मुक्त बनाने के अभियान को गति देना है।
इस अवसर पर जिला क्षय नियंत्रण केंद्र जौनपुर के जिला समन्वयक ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जनपद में संचालित गतिविधियों और अब तक की प्रगति से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अवगत कराया।
वर्चुअल लॉन्चिंग कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने की। इस दौरान एसडीएम सदर शिवप्रताप, समस्त अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, एनएसएस के जनपदीय अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment