मिशन शक्ति 6.0: पारिवारिक विवाद सुलझाने वाले दम्पतियों को किया गया सम्मानित

 मिशन शक्ति 6.0: पारिवारिक विवाद सुलझाने वाले दम्पतियों को किया गया सम्मानित
मिशन शक्ति केन्द्रों पर आयोजित हुआ सम्मान एवं फीडबैक कार्यक्रम, आपसी विश्वास और संवाद पर दिया गया जोर

जौनपुर। मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद के सभी मिशन शक्ति केन्द्रों पर सम्मान एवं फीडबैक कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में पारिवारिक विवादों के सफल निस्तारण से जुड़े दम्पतियों, उनके अभिभावकों और परिजनों को आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों ने दम्पतियों और उनके परिवारजनों से संवाद स्थापित कर विवादों के निस्तारण की प्रक्रिया तथा मिशन शक्ति केन्द्रों की कार्यप्रणाली के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। साथ ही पारिवारिक जीवन में आपसी विश्वास, सम्मान, सहयोग और संवाद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए परिवारों में सामंजस्य बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का प्रभावी समाधान कर परिवारों में सौहार्द और आपसी समझ को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही मिशन शक्ति केन्द्रों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लाभार्थियों से प्राप्त सुझावों और अनुभवों को भी महत्वपूर्ण माना गया।

मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत आयोजित यह पहल महिलाओं की सुरक्षा, पारिवारिक समस्याओं के समाधान तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की दिशा में पुलिस के प्रयासों को दर्शाती है।

No comments

Post a Comment

Home