डायट जौनपुर में पुरातन छात्र सम्मेलन-2026 आयोजित, पुरानी यादों से फिर जुड़ा संस्थान

डायट जौनपुर में पुरातन छात्र सम्मेलन-2026 आयोजित, पुरानी यादों से फिर जुड़ा संस्थान
जौनपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), जौनपुर में 8 अक्टूबर 2026 को पुरातन छात्र सम्मेलन-2026 का आयोजन उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य संस्थान के पूर्व छात्र-छात्राओं को एक मंच पर एकत्रित कर उन्हें संस्थान से पुनः जोड़ना तथा उनके अनुभवों और उपलब्धियों को साझा करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार शर्मा एवं मंचासीन अतिथियों ने मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इसके बाद डीएलएड प्रशिक्षुओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। पुरातन छात्र-छात्राओं का बैज लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

सम्मेलन के दौरान पूर्व प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण काल की पुरानी यादों को साझा करते हुए अपने अनुभव और विचार व्यक्त किए। विभिन्न गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में भावनात्मक रंग भर दिया। पुरातन छात्रों ने संस्थान से जुड़े अपने आत्मीय संबंधों को भी साझा किया।

इस अवसर पर उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि पुरातन छात्र किसी भी शिक्षण संस्थान की महत्वपूर्ण पूंजी होते हैं। संस्थान से शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाले पूर्व छात्र जब पुनः अपने संस्थान से जुड़ते हैं तो संस्थान की गरिमा और गौरव बढ़ता है। ऐसे सम्मेलन पूर्व छात्रों और वर्तमान प्रशिक्षुओं के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम का मंच संचालन प्रवक्ता धर्मेन्द्र शर्मा ने प्रभावशाली ढंग से किया। उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सम्मेलन को रोचक बनाए रखा। अंत में अतिथियों, पुरातन छात्र-छात्राओं, प्रशिक्षुओं एवं संस्थान के समस्त कार्मिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रवक्ता आलोक कुमार, प्रवक्ता डॉ. अश्विनी पांडेय, वरुण कुमार, राजकुमार सहित बड़ी संख्या में पुरातन प्रशिक्षु एवं संस्थान के कार्मिक उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home