सीएमओ ने सीएचसी मछलीशहर का किया औचक निरीक्षण, 132 प्रकार की दवाएं मिलीं उपलब्ध

 सीएमओ ने सीएचसी मछलीशहर का किया औचक निरीक्षण, 132 प्रकार की दवाएं मिलीं उपलब्ध
जौनपुर, 14 अक्टूबर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मछलीशहर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दवा भंडार, प्रसव कक्ष, एएनसी कक्ष सहित विभिन्न कक्षों की जांच की गई। सभी कक्ष साफ-सुथरे और व्यवस्थित पाए गए।

निरीक्षण के दौरान कुछ संविदा कर्मचारी कार्यस्थल पर उपस्थित होने के बावजूद उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर नहीं किए थे। इस पर सीएमओ ने संबंधित कर्मचारियों को नियमित रूप से उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि हस्ताक्षर नहीं करने की स्थिति में संबंधित कर्मचारियों को अनुपस्थित माना जाएगा।

दवा भंडार के निरीक्षण में आवश्यक औषधि सूची (ईडीएल) के सापेक्ष कुल 132 प्रकार की दवाएं उपलब्ध मिलीं। सीएमओ ने फार्मासिस्ट को निर्देश दिया कि समयावधि समाप्त होने के निकट पहुंच रही दवाओं की सूची तैयार कर उनका समयबद्ध प्रबंधन सुनिश्चित करें, ताकि दवाओं का निर्धारित अवधि के भीतर समुचित उपयोग हो सके।

प्रसव कक्ष के निरीक्षण के दौरान स्टाफ नर्स को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक प्रसव के बाद संबंधित लाभार्थी के आधार कार्ड और बैंक पासबुक की छायाप्रति अनिवार्य रूप से प्राप्त कर सुरक्षित रखी जाए। इससे जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को भुगतान समय से सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

इस दौरान चिकित्सालय के अधीक्षक ने बताया कि केंद्र पर एआरवी एवं एएसवी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। सीएमओ ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को चिकित्सालय की व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने तथा मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित पाए गए।


No comments

Post a Comment

Home