जौनपुर: आयुष्मान कार्ड से लेकर डेंगू नियंत्रण तक, डीएम सैमुअल पॉल एन ने दिए सख्त निर्देश

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आयुष्मान भारत योजना, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं, सर्पदंश उपचार, संचारी रोग नियंत्रण तथा अस्पतालों की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने आयुष्मान भारत योजना के तहत सभी पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्ड निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय से विशेष अभियान चलाकर लक्ष्य पूरा करें।
उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं के लंबित एवं नियमित भुगतान को समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी एम्बुलेंसों पर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का विवरण और शिकायत हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करने, एम्बुलेंस के इंटीरियर को स्वच्छ रखने तथा सभी सरकारी अस्पतालों एवं सीएचसी में पर्याप्त संख्या में स्ट्रेचर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में प्लेटलेट्स की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने वर्तमान स्टॉक की रिपोर्ट मांगी और डेंगू सहित आपात स्थितियों को देखते हुए प्लेटलेट्स एवं अन्य जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्र में कोई भी अस्पताल बिना वैध पंजीकरण के संचालित न हो।
बैठक में बताया गया कि जनपद के सभी सरकारी अस्पतालों में सर्पदंश के उपचार के लिए एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। इस पर जिलाधिकारी ने आशा और एएनएम के माध्यम से गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि लोग झाड़-फूंक या अंधविश्वास के बजाय तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचकर निःशुल्क उपचार प्राप्त करें।
डीएम ने चिकित्सकों को मरीजों के प्रति संवेदनशील और सेवाभावपूर्ण व्यवहार अपनाते हुए गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं, डेंगू, मलेरिया और अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए नियमित फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव, झाड़ियों की कटाई तथा जलभराव खत्म करने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।
उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर को विद्यालयों के माध्यम से बच्चों को संचारी रोगों से बचाव, स्वच्छ एवं उबला पानी पीने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जनपद के सभी चिकित्सा अधीक्षक, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home