पीएमश्री कम्पोजिट विद्यालय कुरनी में स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मड़ियाहूँ (जौनपुर)। पीएमश्री कम्पोजिट विद्यालय कुरनी, विकास खंड मड़ियाहूँ में इंचार्ज प्रधानाध्यापिका श्यामिनी सिंह के नेतृत्व में स्कूल चलो अभियान (फेज-2) के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करना तथा अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान बच्चों ने "हर बच्चा स्कूल जाए, अपना भविष्य उज्ज्वल बनाए", "शिक्षा है सबका अधिकार, स्कूल चलो बार-बार" जैसे प्रेरक नारे लगाए और ग्रामीणों से अपने बच्चों का नियमित रूप से विद्यालय में नामांकन एवं उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की।
इंचार्ज प्रधानाध्यापिका श्यामिनी सिंह ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
कार्यक्रम का समापन सभी विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने तथा शिक्षा के प्रति जागरूक रहने की शपथ के साथ हुआ।

No comments

Post a Comment

Home