ग्रामीणों के सहयोग से बन रहे पुल का सांसद ने किया निरीक्षण

ग्रामीणों के सहयोग से बन रहे पुल का सांसद ने किया निरीक्षण
सीसी रोड व रपटा पुल निर्माण का दिया आश्वासन
नेवढ़िया, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के ग्राम सीर में ग्रामीणों के सहयोग से निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण करने के लिये क्षेत्र की सांसद प्रिया सरोज पहुँचीं। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य का जायजा लेते हुये ग्रामीणों से संवाद करके उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग लगभग 20 से 25 गाँवों के लोगों के आवागमन का प्रमुख साधन है। बरसात के दिनों में नदी पार करने में लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है जिससे विद्यार्थियों, किसानों, मरीजों और आम नागरिकों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। संसाधनों के अभाव में ग्रामीणों ने स्वयं जनचंदे और आपसी सहयोग से पुल निर्माण का कार्य शुरू कराया है।
सांसद प्रिया सरोज ने ग्रामीणों के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए आश्वासन दिया कि पुल के दोनों ओर सीसी रोड का निर्माण तथा नदी पर रपटा पुल बनवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। क्षेत्र की जनता को बेहतर सड़क और आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है तथा जनहित से जुड़े कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके से ही जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों से वार्ता करके जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आवागमन शीघ्र बहाल करने का निर्देश दिया।
सांसद के आश्वासन से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। उपस्थित लोगों ने विश्वास जताया कि सांसद के प्रयासों से यह बहुप्रतीक्षित कार्य जल्द पूरा होगा और हजारों ग्रामीणों को आवागमन की समस्याओं से स्थायी राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने सांसद का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना किया। इस मौके पर मड़ियाहूं सपा नेता राजवीर यादव समेत सैकड़ों क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे

No comments

Post a Comment

Home