जौनपुर। जलालपुर थाना पुलिस ने लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक टच स्क्रीन मोबाइल, ₹2,000 नकद तथा बिना नंबर प्लेट की एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी केराकत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जलालपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार रात मुखबिर की सूचना पर असबरनपुर अंडरपास हाईवे पुलिया के पास से बसंत यादव उर्फ हनुमान निवासी तालामझवारा तथा शिवांशु यादव उर्फ पतालू निवासी प्रधानपुर, थाना जलालपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को नेवढ़िया उत्तर पट्टी निवासी मंसूर अली ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 जुलाई की रात छतारी पुलिया हाईवे पर तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनका पर्स, मोबाइल फोन और ₹8,000 लूट लिए तथा जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना जलालपुर में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट का एक मोबाइल, ₹2,000 नकद और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त बसंत यादव के विरुद्ध जौनपुर और गाजीपुर के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, एससी/एसटी एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।
No comments
Post a Comment