जौनपुर: नगर निकायों की समीक्षा बैठक में डीएम ने दिए अहम निर्देश, सफाई, पिंक टॉयलेट और सिटी फॉरेस्ट पर जोर

जौनपुर, 22 जुलाई 2026। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर क्षेत्रों की स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और हरित विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
डीएम ने सभी अधिशासी अधिकारियों को नगर क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक टॉयलेट के निर्माण तथा जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों के रात्रि विश्राम की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
आगामी शीतकालीन मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों में पर्याप्त रैन बसेरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि इससे निराश्रित व्यक्तियों के साथ-साथ प्रतियोगी एवं अन्य परीक्षाओं में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को भी अस्थायी रूप से सुरक्षित ठहरने की सुविधा मिलेगी।
बैठक में डीएम ने सरकारी भवनों की दीवारों पर शासन की जनकल्याणकारी एवं जागरूकता संबंधी योजनाओं की आकर्षक पेंटिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि आमजन तक योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
उन्होंने नगर निकायों में संबंधित थाना प्रभारियों के समन्वय से प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के निर्देश दिए, जिससे कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को और मजबूत बनाया जा सके।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों में सिटी फॉरेस्ट विकसित करने, अधिकाधिक पौधरोपण करने तथा हरित क्षेत्र बढ़ाने की कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही सभी नगर निकायों में पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ठ, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानन्द झा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home