मिशन शक्ति केंद्र की पहल से चार पारिवारिक विवाद सुलझे, आपसी सहमति से परिवारों में लौटी खुशियां

(सोहराब) 
जौनपुर। महिला थाना जौनपुर स्थित मिशन शक्ति केंद्र ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों के समाधान में अहम भूमिका निभाते हुए चार वैवाहिक एवं पारिवारिक मामलों का आपसी सहमति से सफल निस्तारण कराया। काउंसलिंग और मध्यस्थता के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर सभी मामलों में सुलह-समझौता कराया गया।
मिशन शक्ति अभियान के तहत प्राप्त चार प्रार्थना पत्रों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला थाना पुलिस ने संबंधित पक्षों को मिशन शक्ति केंद्र पर बुलाया। काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों को समझाया-बुझाया गया, जिसके बाद सभी मामलों में आपसी मतभेद समाप्त हो गए और परिवारों ने साथ रहने पर सहमति जताई।
सुलझाए गए मामलों में उषा देवी-विजय, जनैन आरजू-गुफरान खान, शशि कला यादव-राकेश यादव तथा वंदना देवी-राहुल कुमार के पारिवारिक विवाद शामिल रहे। सभी मामलों में दोनों पक्षों ने मिशन शक्ति केंद्र की मध्यस्थता को स्वीकार करते हुए विवाद समाप्त कर लिया।
महिला थाना जौनपुर ने बताया कि मिशन शक्ति केंद्र का उद्देश्य टूटते परिवारों को जोड़ना, महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना तथा संवाद और काउंसलिंग के माध्यम से पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कराना है। केंद्र भविष्य में भी इसी तरह लोगों को न्याय एवं सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

No comments

Post a Comment

Home