जौनपुर। "भूजल सप्ताह" के अंतर्गत चलाए जा रहे सात दिवसीय जल संरक्षण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को पुलिस लाइन जौनपुर में जल संरक्षण शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड पर आयोजित कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन्स गोल्डी गुप्ता ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जल संरक्षण, भूजल संवर्धन, जल के विवेकपूर्ण उपयोग तथा जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन की शपथ दिलाई।
इस दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा आमजन को भी जल बचाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और भूजल संसाधनों के संरक्षण के लिए सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस लाइन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment