सुइथाकला (जौनपुर)। सरपतहां थाना क्षेत्र के भेला गांव में सोमवार को एक 17 वर्षीय किशोरी का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भेला गांव निवासी बृजेश खरवार की 17 वर्षीय पुत्री रोली घर के कच्चे मकान के एक कमरे में सोने के लिए गई थी। उस समय परिवार के अन्य सदस्य घर के बाहर बैठे हुए थे। कुछ देर बाद उसकी बड़ी बहन हर्षिता ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन कमरे के अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो रोली का शव साड़ी के सहारे फंदे से लटका मिला।
परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल फैल गया।
बताया गया कि मृतका तीन बहनों और दो भाइयों में तीसरे नंबर की थी। उसके पिता बृजेश खरवार रोजगार के सिलसिले में घर से बाहर रहते हैं।
सूचना पर पट्टीनरेंद्रपुर चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
No comments
Post a Comment