कम्पोजिट विद्यालय सेहमलपुर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण

सिरकोनी (जौनपुर), 13 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत रविवार को विकास खंड सिरकोनी के कम्पोजिट विद्यालय सेहमलपुर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों एवं ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने अपनी माताओं के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया। शिक्षकों ने उपस्थित ग्रामीणों एवं बच्चों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाध्यापक रईस खान ने कहा कि “वृक्ष ही जीवन का आधार हैं। स्वच्छ वायु, संतुलित पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब हम लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी करें।”
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार, सहायक अध्यापक दीपक कुमार सिंह, अरुण कुमार सिंह, सहायक अध्यापिकाएं रिचा सिंह, सुजाता सिंह, सुमन पाल, संगीता यादव तथा ग्राम सभा के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापिका रिचा सिंह ने किया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन एवं हरित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का दायित्व भी विद्यालय परिवार ने ग्रहण किया।
🤛

No comments

Post a Comment

Home