जौनपुर। शासन के निर्देशानुसार संचालित "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने विकास खंड मुंगरा बादशाहपुर के प्राथमिक विद्यालय सोहँसा, प्राथमिक विद्यालय पुरऊपुर एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय पाण्डेयपुर में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के साथ वृहद वृक्षारोपण किया।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान केवल पौधरोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और मातृत्व के प्रति सम्मान एवं जिम्मेदारी का प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया। शिक्षकों ने भी विद्यालय परिसर को हरित एवं स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. अविनाश सिंह एवं शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र पटेल भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का समापन सभी के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ कि लगाए गए पौधों का संरक्षण कर उन्हें वृक्ष बनाया जाएगा।
No comments
Post a Comment