जौनपुर। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर के निर्देश पर जनपद के सभी विकास खंडों में वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के तहत विभिन्न ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को पौधे वितरित किए गए तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प दिलाया गया।
इसी क्रम में ब्लॉक संसाधन केंद्र मड़ियाहूं में आयोजित कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी उदयभान कुशवाहा ने शिक्षकों को फलदार एवं छायादार पौधे वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य का आधार भी हैं। प्रत्येक शिक्षक अपने विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्र में पौधरोपण कर उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया और "एक पेड़ मां के नाम" अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें विकसित किया जाए।
जनपद के सभी ब्लॉकों में आयोजित इस अभियान के माध्यम से शिक्षा विभाग ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक लोगों को वृक्ष लगाने और उनकी सुरक्षा के लिए प्रेरित किया।
No comments
Post a Comment