जौनपुर, 22 जुलाई 2026। प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव ने बुधवार को हरी झंडी दिखाकर जनपद में मुंहपका-खुरपका (एफएमडी) रोग नियंत्रण टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का शुभारंभ किया। यह 45 दिवसीय निःशुल्क अभियान 22 जुलाई से 8 सितंबर 2026 तक संचालित होगा।
राज्यमंत्री ने कहा कि पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं को खुरपका-मुंहपका जैसी संक्रामक बीमारी से बचाने के लिए व्यापक टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सातवां चरण सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है और इस बार जनपद में करीब 6 लाख पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार पशुओं को किसानों और पशुपालकों की अमूल्य संपत्ति मानती है। पशुधन को संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि पशुपालकों को आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े और पशुधन की उत्पादकता बढ़े। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने बताया कि एफएमडी एक विषाणुजनित और अत्यंत संक्रामक रोग है, जो संक्रमित पशुओं से तेजी से फैलता है। यह मुख्य रूप से गोवंश और महिषवंश को प्रभावित करता है। इसके प्रमुख लक्षणों में बुखार, चारा छोड़ देना, दूध उत्पादन में कमी, मुंह और खुर में छाले तथा लंगड़ापन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
प्रभारी मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि अभियान के लिए जनपद को 5,70,550 डोज वैक्सीन प्राप्त हुई हैं। जिले में कुल 6,32,664 पशु हैं, जिनमें 2,95,060 गोवंशीय और 3,37,604 महिषवंशीय पशु शामिल हैं। अभियान के दौरान 1,740 ग्राम पंचायतों और लगभग 2 लाख पशुपालकों तक पहुंचकर टीकाकरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनपद के 21 विकास खंडों में स्थित 36 पशु चिकित्सालयों के माध्यम से 43 टीकाकरण टीमें गठित की गई हैं। साथ ही वैक्सीन की गुणवत्ता और प्रभावशीलता बनाए रखने के लिए सभी पशु चिकित्सालयों पर कोल्ड-चेन की समुचित व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित पशुपालन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment