जौनपुर, 12 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत सामाजिक वानिकी प्रभाग, जौनपुर द्वारा 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत जनपद में वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ का आयोजन उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। मुख्य कार्यक्रम विकास खंड करंजाकला के ग्राम काफरपुर में आयोजित किया गया, जबकि जिले की सभी तहसीलों एवं विकास खंडों में भी व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। इसके बाद प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव तथा विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह 'प्रिंशु' ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। दीप प्रज्ज्वलन से पूर्व दोनों जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. तथा अन्य अधिकारियों ने विधिवत पूजन-अर्चन कर 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर कृषि विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्यान विभाग, वन विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का उद्घाटन किया गया। अतिथियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा एनसीसी स्वयंसेवकों एवं उपस्थित लोगों को पौधों का वितरण कर अधिकाधिक वृक्षारोपण का आह्वान किया।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि जनपद जौनपुर में इस वर्ष 60,73,400 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर 1001 पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नियमित सिंचाई, फेंसिंग, सुरक्षा, रखरखाव तथा प्रत्येक पौधे की समयबद्ध जियो-टैगिंग के निर्देश दिए।
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान पौधों के प्रति भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है और प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने पीपल, बरगद एवं फलदार वृक्षों के अधिकाधिक रोपण पर बल देते हुए वन विभाग को पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एमएलसी बृजेश सिंह 'प्रिंशु' ने कहा कि माँ के नाम पौधा लगाने से उसके प्रति अपनत्व और संरक्षण की भावना स्वतः विकसित होती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर पूरा प्रदेश इस अभियान से जुड़ा है और प्रत्येक परिवार को कम से कम एक पौधा अपनी माँ के नाम लगाकर उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) श्रीमती दिव्या ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लगाए गए पौधों की सिंचाई, सुरक्षा, जियो-टैगिंग एवं समुचित देखभाल सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनपद जौनपुर को अधिक हरा-भरा बनाया जा सके।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव 'मम्मन', क्षेत्राधिकारी नगर, परियोजना निदेशक, जिला सूचना अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment