जौनपुर, 13 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘स्कूल चलो अभियान 2.0’ के अंतर्गत सोमवार को जनपद जौनपुर के विकासखंड करंजाकला के ब्लॉक परिसर से एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य कक्षा 1 से 8 तक के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना तथा विद्यालय छोड़ चुके बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जन-जागरूकता फैलाना था।
प्रातः 9 बजे प्रारंभ हुई इस रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि श्री सुनील यादव ‘मम्मन’ एवं खंड शिक्षा अधिकारी श्री श्रवण कुमार यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यक्रम का आयोजन सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत किया गया, जिसमें विकासखंड के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, समस्त ए.आर.पी. तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
गाजे-बाजे और जागरूकता नारों के साथ निकली रैली ब्लॉक परिसर से विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। रैली के दौरान बच्चों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर शिक्षा के महत्व का संदेश दिया तथा अभिभावकों से अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने और नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने का संदेश रैली के माध्यम से दिया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार यादव ने सभी अतिथियों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों, ए.आर.पी., छात्र-छात्राओं तथा सहयोगी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अभियान को सफल बनाने में सभी के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और स्कूल चलो अभियान इसी संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
No comments
Post a Comment