विकास भवन जौनपुर को मिला ISO 9001:2015 प्रमाणन, गुणवत्ता आधारित प्रशासन को मिली नई पहचान

जौनपुर, 22 जून 2026। जनपद जौनपुर के लिए गर्व की बात है कि विकास भवन, जौनपुर को गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली (Quality Management System) के अंतरराष्ट्रीय मानक ISO 9001:2015 के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रमाणित किया गया है। स्वतंत्र मूल्यांकन संस्था द्वारा किए गए विस्तृत निरीक्षण एवं आकलन के बाद विकास भवन को यह प्रतिष्ठित प्रमाणन प्रदान किया गया।
यह प्रमाणन विकास भवन में संचालित प्रशासनिक एवं विकासात्मक कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता, दक्षता तथा जनसेवाओं के निरंतर सुधार के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ISO 9001:2015 प्रमाणन से यह सुनिश्चित होगा कि विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप, समयबद्ध और प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचें।
इस अवसर पर सैमुअल पॉल एन. ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि जनपद प्रशासन की बेहतर कार्य-संस्कृति, सुशासन और गुणवत्ता आधारित सेवा प्रदायगी के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी उच्च गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने तथा जनहित में सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
वहीं ध्रुव खाड़िया ने इसे विकास भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए कहा कि गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली के मानकों का पालन करते हुए जनपद के विकास कार्यों में और अधिक गति, पारदर्शिता एवं दक्षता लाई जाएगी।
यह उपलब्धि जौनपुर प्रशासन की जनसेवा, सुशासन और गुणवत्ता सुधार के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करती है तथा भविष्य में बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

No comments

Post a Comment

Home