बजाज लोन और इंश्योरेंस के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी, गैंग का सरगना गिरफ्तार

जौनपुर। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बजाज कंपनी में लोन, इन्वेस्टमेंट, टूर एंड ट्रैवल्स तथा इंश्योरेंस पैकेज दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गैंग के मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 03 एंड्रॉयड मोबाइल, 03 की-पैड मोबाइल, 04 सिम कार्ड, 15 एटीएम कार्ड, 09 बैंक पासबुक, 07 चेकबुक, फर्जी आधार कार्ड सहित 1.45 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने साइबर क्राइम पोर्टल, समन्वय पोर्टल, प्रतिबिम्ब पोर्टल और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से जांच कर 12 जून की रात सुखलालगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास से आरोपी शुभम सिंह निवासी पपरावन, थाना बरसठी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी वेबसाइटों और व्हाट्सएप के माध्यम से लोगों को बजाज कंपनी से लोन, निवेश और टूर पैकेज दिलाने का झांसा देता था। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस, वेरिफिकेशन शुल्क, इंश्योरेंस शुल्क और अन्य चार्ज के नाम पर रकम वसूल कर साइबर ठगी करता था। ठगी के लिए फर्जी आधार कार्ड और सिम कार्ड का उपयोग किया जाता था तथा विभिन्न बैंक खातों में पैसा जमा कर तुरंत निकाल लिया जाता था।
जांच में सामने आया है कि आरोपी अब तक करीब 2.5 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी कर चुका है। उसके खिलाफ महाराष्ट्र सहित विभिन्न स्थानों पर मामले दर्ज हैं तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर 20 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

No comments

Post a Comment

Home