जौनपुर: सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान अभियान के तहत जनकल्याण मेले और स्वास्थ्य शिविर आयोजित

जौनपुर, 14 जून 2026। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार 5 जून से 21 जून 2026 तक जनपद में "सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान" अभियान के तहत विभिन्न विकास खंडों एवं नगरीय निकायों में जनकल्याण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के अंतर्गत केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के लिए चौपाल, जनकल्याण मेले एवं स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं।
जनपद के विभिन्न विकास खंडों में आयोजित जनकल्याण मेलों में कृषि, स्वास्थ्य, पशुपालन सहित कई विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। सुजानगंज विकास खंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी उपस्थित रहीं। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली।
कार्यक्रम में विधायक डॉ. आर. के. पटेल का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। अधिकारियों ने कृषि, स्वास्थ्य, पशुपालन एवं नंदिनी कृषक समृद्धि योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। विधायक डॉ. पटेल ने नंदिनी योजना को किसानों और पशुपालकों के लिए लाभकारी बताते हुए पात्र लोगों से इसका अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
मेले में किसानों और पशुपालकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ विभागीय प्रचार-प्रसार सामग्री भी वितरित की गई।
इसी क्रम में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद के सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा जिलाधिकारी कार्यालय स्थित प्रेक्षागृह में बृहद स्वास्थ्य मेले एवं हेल्थ कैम्प का आयोजन किया गया। शिविर में मरीजों को निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं तथा आयुष्मान गोल्डन कार्ड, टीबी, मानसिक स्वास्थ्य, शुगर, ब्लड प्रेशर, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, कुष्ठ रोगियों एवं मोतियाबिंद के मरीजों का चिन्हांकन सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
चिकित्सा विभाग ने बताया कि 12 जून 2026 को आयोजित कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह "प्रिंसू" मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। इस दौरान विभाग की उपलब्धियों की जानकारी दी गई। साथ ही आशा, एएनएम, सीएचओ एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाकर विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाया जा रहा है।

No comments

Post a Comment

Home