जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर की अध्यक्षता में बीएसए कार्यालय, जौनपुर में आगामी शैक्षिक गतिविधियों, विभागीय कार्यक्रमों, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों तथा मानसून के दृष्टिगत विद्यालयों के जर्जर भवनों की स्थिति को लेकर समस्त खंड शिक्षाधिकारियों की आवश्यक समीक्षा एवं संवेदीकरण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बीएसए समीर ने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्र नामांकन, नियमित उपस्थिति, स्वच्छता व्यवस्था, वृक्षारोपण अभियान, विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की। साथ ही 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन हेतु आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए सभी खंड शिक्षाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मानसून के मद्देनजर बीएसए ने जनपद के विद्यालयों में स्थित जर्जर एवं क्षतिग्रस्त भवनों की स्थिति की विशेष समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे भवनों का तत्काल सर्वेक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी जर्जर भवन में शिक्षण कार्य संचालित न किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों में जलभराव, छतों की स्थिति, विद्युत सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का समय रहते निरीक्षण कर लिया जाए, जिससे वर्षा ऋतु के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। साथ ही योग दिवस कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक एवं व्यापक जनसहभागिता के साथ आयोजित कराने तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया।
बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा खंड शिक्षाधिकारियों से क्षेत्रीय स्तर पर आ रही समस्याओं एवं उनके समाधान के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। इस अवसर पर जनपद के समस्त खंड शिक्षाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment