कोचिंग और लाइब्रेरी संस्थानों में सुरक्षा मानकों की जांच, खामियां मिलने पर नोटिस के निर्देश

जौनपुर, 23 जून। जिले में संचालित कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने मंगलवार को भारत लाइब्रेरी, दृष्टि आईएएस इंस्टीट्यूट एवं सक्सेस पाठशाला का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में सुरक्षा मानकों की खामियां सामने आने पर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने दृष्टि आईएएस इंस्टीट्यूट में विद्युत वायरिंग, इलेक्ट्रिकल कंट्रोल प्वाइंट, फायर अलार्म समेत अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं में गंभीर कमियां पाईं। साथ ही संस्थान का मुख्य प्रवेश मार्ग बेसमेंट से होकर तीसरी मंजिल तक होने पर चिंता जताते हुए संबंधित संस्थान को नोटिस जारी कर जवाब तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल छात्रों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी, लेकिन जांच रिपोर्ट और संस्थान के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, सक्सेस पाठशाला में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम पाए गए। यहां दो निकास द्वार, आपातकालीन मार्ग, फायर सुरक्षा उपकरण तथा फायर फाइटिंग सिस्टम सुचारु रूप से कार्यरत मिला।
भारत लाइब्रेरी में भी कुछ कमियां मिलने पर संचालकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी संस्थानों को विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करना होगा तथा फायर एक्सटिंग्विशरों का समय-समय पर नवीनीकरण और पर्याप्त संख्या में सीओ-2 अग्निशामक यंत्र उपलब्ध रखना अनिवार्य होगा।
उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों और संबंधित अधिकारियों को जिले भर में संचालित कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी और छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बिना आवश्यक अनुमति या सुरक्षा मानकों के संचालन करने वाले संस्थानों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में पंजीकृत कोचिंग संस्थानों की संख्या सीमित है, जबकि बड़ी संख्या में अन्य संस्थान भी संचालित हो रहे हैं। सभी तहसीलों से रिपोर्ट मिलने के बाद व्यापक समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में शाहगंज के उपजिलाधिकारी कुणाल गौरव, बदलापुर की तहसीलदार रानी गरिमा जायसवाल सहित अन्य अधिकारियों ने क्षेत्राधिकारी और अग्निशमन विभाग के साथ बेसमेंट एवं संकरे स्थानों में संचालित कोचिंग और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया तथा संचालकों को सुरक्षा संबंधी कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।

No comments

Post a Comment

Home