जौनपुर। नगर क्षेत्र में बिजली विभाग की कथित लापरवाही से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार 19 जून की रात लगभग 11:30 बजे माली पड़ाव से लेकर पुरानी बाजार क्षेत्र तक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसके करीब 5 मिनट बाद लाल दरवाजा, मिसिरपुर, फिल्म राजपुर सहित आसपास के क्षेत्रों की भी बिजली गुल हो गई।
बताया जा रहा है कि 20 जून की सुबह करीब 4:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल की गई, लेकिन पूरे दिन लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग के कर्मचारियों और लाइनमैन ने समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।
वहीं 20 जून की रात लगभग 11:45 बजे एक बार फिर बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लगातार बिजली कटौती और भीषण गर्मी से परेशान लोग स्थानीय सभासद राजकुमार मौर्य के पास पहुंचे। सभासद द्वारा बिजली विभाग के कर्मचारियों से संपर्क किए जाने पर कथित रूप से जवाब मिला कि उन्हें बिजली बाधित होने की जानकारी ही नहीं है। लोगों का कहना है कि जिस कर्मचारी को फॉल्ट की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई थी, उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ था।
लगातार बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और विभागीय उदासीनता से क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है। नागरिकों ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु करने तथा जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
No comments
Post a Comment