जौनपुर। जनपद के नवागत बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने मंगलवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर शिक्षा व्यवस्था एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा की।
कार्यालय पहुंचने पर विभागीय अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों, शिक्षकों एवं शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान कार्यालय सहायक विजय शर्मा,विंध्यवासिनी उपाध्याय, राजू सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र पटेल, शिक्षा अधिकारी बसंत शुक्ला, शिक्षा अधिकारी आनंद सिंह एवं पूर्व ईआरपी महेंद्र यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे और उन्होंने नवागत बीएसए को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
नवागत बीएसए समीर ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से लागू कराया जाएगा तथा शिक्षकों एवं कर्मचारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने विद्यालयों में नियमित निरीक्षण, छात्रों की उपस्थिति, बेहतर शिक्षण वातावरण एवं आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जनपद की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से कार्य किया जाएगा।
No comments
Post a Comment