हत्या के आरोपियों को भगाने में सहयोग करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार

जौनपुर, 13 जून 2026। थाना खेतासराय पुलिस ने दुल्हा आजाद बिन्द हत्याकांड में वांछित आरोपियों को सहयोग देने और पुलिस कार्रवाई के दौरान उन्हें फरार कराने में मदद करने वाले छह वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खेतासराय पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 91/2026 में वांछित मनोज कुमार राजभर, शरद उर्फ सनोज, राकेश राजभर, सुबाष राजभर, सर्वेश राजभर तथा विरेन्द्र राजभर को शुक्रवार को नौली क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, 3 मई 2026 को हुए दुल्हा आजाद बिन्द हत्याकांड के मुख्य आरोपियों को इन लोगों द्वारा संरक्षण और सहयोग दिया गया था। साथ ही, पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान विरोध करते हुए वांछित हत्यारोपियों को फरार होने में मदद की गई थी। विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन के बाद इन सभी के नाम प्रकाश में आए, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना खेतासराय में धारा 253, 212, 132, 109(1), 191(2), 191(3) एवं 190 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार राय सहित थाना खेतासराय की पुलिस टीम शामिल रही।

No comments

Post a Comment

Home