जौनपुर, 09 मई 2026 - थाना समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को जफराबाद थाने में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने आमजन की समस्याएं सुनीं। दोनों अधिकारियों ने फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के मौके पर जिलाधिकारी ने फरियादी नजमा खातून पत्नी जुमराती के जमीनी विवाद को त्वरित निस्तारण कराते हुए खतौनी में दर्ज करवाया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिलाधिकारी द्वारा राजस्व कर्मियों को निर्देशित किया गया कि पुलिस के साथ आपसी समन्वय स्थापित करते हुए राजस्व संबंधी मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवाद, पारिवारिक मामलों एवं अन्य शिकायतों का समाधान संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ किया जाए, जिससे आमजन का विश्वास प्रशासन एवं पुलिस व्यवस्था पर बना रहे।
इस अवसर पर संबंधित उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment