शिक्षक रत्न सम्मान 2026 से सम्मानित हुई डॉ. विजय लक्ष्मी यादव


 जौनपुर ,आज 29 मार्च 2026 बेसिक एजुकेशन मूवमेंट ऑफ़ इंडिया के तत्वावधान में डायट चंदौली के सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय शैक्षिक कार्यशाला एवं सम्मान समारोह में नवाचारी शिक्षिका प्राथमिक विद्यालय सिद्दीकपुर करंजाकला डॉ. विजय लक्ष्मी यादव व कादंबरी कुशवाहा को उनके उत्कृष्ट शैक्षिक नवाचारों के लिए “शिक्षक रत्न सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि माननीय विधायक सुशील सिंह, सकलडीहा ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह तथा वाराणसी विकास प्राधिकरण के सदस्य अमरीष सिंह ‘भोला’ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. राजेश शर्मा एवं डॉ. इरा सिंह रहे।इस अवसर पर वक्ताओं ने शिक्षा में नवाचार की महत्ता पर बल देते हुए कहा कि वर्तमान समय में ऐसे शिक्षकों की आवश्यकता है जो पारंपरिक शिक्षा पद्धति से आगे बढ़कर बच्चों के समग्र विकास के लिए नए प्रयोग कर रहे हैं। इसी क्रम में डॉ. विजय लक्ष्मी यादव को शिक्षकों के लिए एक प्रेरणास्रोत बताया गया, जो अपने विद्यालय में निरंतर नवीन शिक्षण विधियों का प्रयोग कर विद्यार्थियों के सीखने के स्तर को बेहतर बना रही हैं।अपने संबोधन में डॉ. विजय लक्ष्मी यादव ने कहा कि “शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान नहीं है, बल्कि बच्चों के अंदर रचनात्मकता, आत्मविश्वास और व्यवहारिक ज्ञान का विकास भी  करना है।” उन्होंने बताया कि वे कक्षा में गतिविधि आधारित शिक्षण, डिजिटल माध्यमों तथा स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर बच्चों को सरल एवं रोचक तरीके से पढ़ाती हैं।कार्यक्रम की अध्यक्षता उपनिदेशक/प्राचार्य डायट चंदौली विकायल भारती ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि ऐसे नवाचारी शिक्षकों को मंच प्रदान करना और उन्हें प्रोत्साहित करना ही शिक्षा के वास्तविक विकास की दिशा है।कार्यक्रम का संचालन विनय कुशवाहा एवं डॉ. प्रिया रधुवंशी ने किया, जबकि स्वागत भाषण डॉ. संजय यादव ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. चन्द्रपाल राजभर ने जानकारी दी कि कार्यक्रम में लगभग 200 नवाचारी शिक्षकों ने भाग लिया। समारोह में डॉ. कादंबरी कुशवाहा, नीतू श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।।

No comments

Post a Comment

Home