जौनपुर। किसान मसीहा स्वर्गीय चौधरी अजीत सिंह की जयंती पर बुधवार को रालोद अर्बन कमेटी द्वारा विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कटघरा स्थित मिर्जा जावेद सुल्तान के आवास पर किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसके उपरांत सदर अस्पताल में मरीजों को फल वितरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
किसान संगोष्ठी को संबोधित करते हुए रालोद अर्बन कमेटी के सदस्य मिर्जा जावेद सुल्तान ने कहा कि स्व. चौधरी अजीत सिंह सरलता और सादगी के प्रतीक थे। उन्होंने देश में औद्योगिक सुधारों का ड्राफ्ट तैयार कर लाइसेंस राज की समाप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भूमि अधिग्रहण कानून में संशोधन कर किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया। वे जीवनभर किसानों के अधिकारों की आवाज बुलंद करते रहे और समाज के हित में निरंतर संघर्ष करते रहे।
उन्होंने कहा कि स्व. अजीत सिंह का जीवन संघर्ष, समर्पण और सेवा का प्रेरक उदाहरण है। उनके जन्मदिन पर हम सभी संकल्प लेते हैं कि उनके आदर्शों पर चलकर समाज और देश की सेवा करेंगे।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव अशोक यादव, उपाध्यक्ष राम बदन सरोज, वरिष्ठ नेता सत्य नारायण यादव, जिला प्रवक्ता दयाशंकर यादव, हैदर मेहदी, साहिल आब्दी, मोहम्मद जलालुद्दीन, खिलाड़ी प्रसाद, रमी मिर्जा सहित अनेक कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन अस्पताल में मरीजों को फल वितरण कर मानवीय सेवा के संदेश के साथ किया गया।
No comments
Post a Comment