जौनपुर। वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) अनिवार्य किए जाने के विरोध में शिक्षकों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। इसी क्रम में परिषदीय विद्यालय के शिक्षक राकेश यादव ने काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया।
शिक्षक राकेश यादव ने अपने विद्यालय में नियमित कार्य करते हुए हाथ पर काली पट्टी बांध रखी, जो सरकार के निर्णय के प्रति उनके विरोध का प्रतीक रही। उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों की नियुक्ति उस समय की प्रचलित नियमावली के तहत हुई थी, ऐसे में अब टीईटी अनिवार्य करना उनके साथ अन्याय है।
उन्होंने बताया कि शिक्षक संगठनों के आह्वान पर यह विरोध चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है और आगे भी आंदोलन जारी रहेगा। शिक्षकों का कहना है कि जब नियुक्ति के समय टीईटी की अनिवार्यता नहीं थी, तो अब इसे लागू करना उचित नहीं है।
शिक्षक संगठनों ने सरकार से मांग की है कि वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी अनिवार्यता से मुक्त किया जाए, जिससे शिक्षकों में व्याप्त असंतोष समाप्त हो सके।
No comments
Post a Comment